✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान: गुठनी प्रखंड के दरौली थाना क्षेत्र स्थित चकरी के सिद्ध गुफा योगाश्रम में श्रीमौनी बाबा आर्ष गुरुकुल के छात्रों के बीच सोमवार को शिक्षक दंपती ने कंबल एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम का आयोजन डरैली मठिया निवासी अमित श्रीवास्तव और उनकी पत्नी द्वारा उनके पुत्र भाग्यम श्रीवास्तव के पहले जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया।
सिद्ध गुफा चकरी योगाश्रम के महंत और मौनी बाबा आर्ष गुरुकुल के प्रबंधक रघुनाथ दास महाराज ने बताया कि शिक्षक दंपती ने छात्रों को कंबल, बेडशीट, तकिया, गद्दा, मिठाई और पठन-सामग्री वितरित की। इसके साथ ही गुरुकुल के लिए चावल, आटा, दाल, और सब्जियों की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर परिसर में पारिजात, आम, और अन्य पौधों का भी रोपण किया गया। रघुनाथ दास महाराज ने शिक्षक दंपती के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और गुरुकुल के छात्रों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

