Explore

Search

May 26, 2026 12:20 am

गुठनी: यूपी के सेना जवान की करंट लगने से मौत, ग्यासपुर घाट पर उमड़ी लोगों की भीड़

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

गुठनी (सिवान): उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला अंतर्गत बनकटा थाना क्षेत्र के द्विगपुरा गांव निवासी सेना जवान उपेंद्र कुशवाहा (50 वर्ष) की करंट लगने से मौत हो गई। वह जम्मू-कश्मीर के राजौरी स्थित पूंछ में 59वीं इंजीनियर रेजीमेंट में तैनात थे और बीते 23 मार्च को छुट्टी पर अपने घर लौटे थे। छुट्टी के दौरान लखनऊ में अपने नवनिर्मित मकान के निर्माण कार्य में जुटे थे, जहां 13 अप्रैल को हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। घायल अवस्था में स्वजन उन्हें लखनऊ स्थित कमांड अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सेना जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को सेना के वाहन से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ गुठनी प्रखंड के ग्यासपुर घाट पर सरयू नदी किनारे अंतिम संस्कार किया गया। उनके इकलौते पुत्र अनीश कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी।

शव गांव पहुंचते ही स्वजन और ग्रामीणों का रूदन फूट पड़ा। पत्नी प्रमिला देवी, पुत्र अनीश कुमार और पुत्री आंशिक कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी प्रमिला देवी अपने पति की मौत पर विश्वास नहीं कर पा रही थीं और बार-बार मौजूद जवानों से डॉक्टर को दिखाने की गुहार लगाती रहीं। माहौल पूरी तरह ग़मगीन था, जहां एक ओर परिजन बेसुध हो रहे थे, वहीं दूसरी ओर भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से घाट का वातावरण गूंज रहा था।

अंतिम संस्कार के दौरान डरैला पंचायत के मुखिया रणजीत कुशवाहा, सरपंच राजेश कुमार पाल, समाजसेवी अमर गौतम समेत सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते नजर आए।

टैग्स: Indian Army, Siwan News, Soldier Death, Uttar Pradesh, Guthiनी Ghat

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर