Explore

Search

March 15, 2026 4:05 pm

गुठनी : मेहरौना चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान गुठनी के युवकों ने पुलिस से की हाथापाई, चार गिरफ्तार

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

पुलिस पर हमला, लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, चौकी इंचार्ज सहित कई घायल

गुठनी थाना क्षेत्र के बिहार-यूपी बॉर्डर स्थित मेहरौना चेक पोस्ट पर सोमवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा मच गया जब गुठनी के लक्ष्मीपुर गांव के तीन बाइक सवार युवकों ने पुलिस टीम से हाथापाई कर दी। चेकिंग के दौरान यूपी पुलिस ने जब बाइक सवारों को रोककर पूछताछ की, तो कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई।

देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पास की पंचर दुकान से धारदार औजार उठा लिए और पुलिस पर हमला कर दिया। चाकू से किए गए हमले में मेहरौना चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मिश्रा समेत अन्य कांस्टेबल घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोग पुलिस की मदद के लिए आगे आए, जिसके बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया और एक बाइक जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीपुर गांव निवासी स्व. त्रिवेदी मिश्रा के पुत्र उपेंद्र मिश्रा, गोपाल मिश्रा के पुत्र कमलेश मिश्रा, पंकज मिश्रा और उपेंद्र मिश्रा के पुत्र अमरेश मिश्रा के रूप में हुई है।

इस संबंध में लार थाना अध्यक्ष उमेश बाजपेयी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर