✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
लूटी गई बाइक बरामद, विशेष टीम ने आधुनिक तकनीक से पकड़े अपराधी
गुठनी (सिवान): सोहागरा-गुठनी मुख्य मार्ग पर धूमनगर मोड़ के पास से गुरुवार को लूटी गई हीरो स्ट्रीम बाइक को पुलिस ने मात्र 12 घंटे के अंदर बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने घटना में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद गुठनी थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू हुई। एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने आधुनिक तकनीक और मानवीय अनुसंधान के जरिए अपराधियों को उनके ठिकाने से गिरफ्तार किया।
कैसे हुई वारदात?
गुठनी निवासी अभिमन्यु कुमार गुरुवार को लार स्थित बाइक एजेंसी से किस्त जमा कर सोहागरा होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान धूमनगर मोड़ के पास दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी बाइक लूट ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने लूटी गई बाइक और घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक भी बरामद कर ली। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार हुई:
- मंजेश चौहान (सोहागरा घाट निवासी)
- शशि मद्धेशिया (सोहागरा घाट निवासी)
- गोलू चौहान (धूमनगर निवासी)
- राजा कुमार (सोहागरा पूरब पट्टी निवासी)
- गोलू निषाद (भाटपार रानी, यूपी के कुसुमा टोला निवासी)
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम में एसडीपीओ चंदन कुमार, थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष गणेश चौहान, पुअनि सुधीर कुमार सिंह, पुअनि संतोष राम, सअनि पंकज कुमार, सअनि बासुकी कुमार, पीटीसी छोटेलाल सिंह, गृहरक्षक विष्णुदेव ठाकुर, विजय कुमार राम और चौकीदार सोनू सिंह शामिल थे।
शुक्रवार को गुठनी थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ चंदन कुमार ने घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

