Explore

Search

March 15, 2026 5:30 pm

गुठनी : प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में मारपीट, एक युवक घायल, तनाव का माहौल

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

गुठनी (सिवान): थाना क्षेत्र के मियांगुंडी गांव स्थित चौराहे पर बुधवार देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना को लेकर घायल के स्वजन के बयान पर पांच लोगों को आरोपित किया गया, जिसमें एक युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

घायल युवक की पहचान मियांगुंडी निवासी शमशाद अंसारी के पुत्र तौफीक अंसारी के रूप में हुई है।

कैसे हुआ विवाद?

बताया जाता है कि चिल्मरवा गांव के कुछ युवक मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। उसी दौरान तौफीक अंसारी उसी रास्ते से बाजार जा रहा था। इसी बीच मियांगुंडी चौराहे पर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। इस झड़प में तौफीक अंसारी घायल हो गया।

पुलिस प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ सुनील कुमार, एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान, बीडीओ डॉ. संजय कुमार, सीओ डॉ. विकास कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष के लिखित आवेदन के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है, और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

प्रतिबंध के बावजूद बज रहा था डीजे, प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान आर्केस्ट्रा में नर्तकियों द्वारा अश्लील गानों का प्रदर्शन किया जा रहा था, जबकि इस पर पहले से ही प्रतिबंध लगा हुआ था।

  • डीजे और आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध के बावजूद सख्ती नहीं बरती गई।
  • मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस बल की तैनाती पर्याप्त नहीं थी।
  • रूट तय होने के बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई।

झड़प के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, और मामले की जांच पूरी सतर्कता से की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर