Explore

Search

April 8, 2026 2:10 am

गुठनी : दो दिन से बंद कमरे में विवाहिता का शव मिला, सास-ससुर हिरासत में

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

गुठनी के ताली कुर्मीहा गांव में सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया गंभीर आरोप

  • दो दिन से बंद कमरे में विवाहिता का शव मिला
  • मायके पक्ष के पहुंचने पर दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
  • पुलिस ने सास और ससुर को हिरासत में लिया
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे

सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के ताली कुर्मीहा गांव में सोमवार की देर शाम एक विवाहिता का शव बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान कुसुम देवी (24), पत्नी अभिनव यति के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, विवाहिता का कमरा पिछले दो दिनों से बंद था और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि जब उनकी बेटी से लगातार संपर्क नहीं हुआ, तो वे वाराणसी से सीधे गांव पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां अंदर विवाहिता का शव लटका हुआ मिला।
मृतका के पिता हरेंद्र यति ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एसआई निरंजन कुमार और एसआई शिवम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मृतका के सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर