✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
गुठनी (सीवान): गुठनी थाना क्षेत्र के बड़की बिहारी गांव में गुरुवार सुबह पुत्र ने डांट-फटकार से नाराज होकर अपने पिता की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जयश्री राम (65) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित पुत्र लालबाबू राम को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी प्रभावती देवी ने बताया कि बुधवार रात जयश्री राम ने अपने पुत्र लालबाबू राम को भुजा खाने के लिए दिया था। इस दौरान पिता-पुत्र के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर लालबाबू ने अपने पिता पर जलता हुआ अलाव फेंक दिया। जयश्री राम ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन लालबाबू ने पास रखी लाठी से उनके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। गंभीर रूप से घायल जयश्री राम को ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर मैरवा प्रक्षेत्र के एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान और गुठनी थानाध्यक्ष विकास कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना से गांव में शोक की लहर है, जबकि मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

