✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंदर प्रखंड में रविवार को सात पैक्स के लिए 24 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया में 133 मतदान कर्मी तैनात थे, जबकि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी कुणाल कुमार ने बताया कि सहसरांव, जमालपुर, पतार, जयजोर, खेढ़ांय, बलिया और अर्कपुर पैक्स के लिए मतदान हुआ।
मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। कुल 62 प्रत्याशियों, जिनमें अध्यक्ष पद के 15 और कार्यकारिणी सदस्य पद के 47 उम्मीदवार शामिल हैं, का भविष्य मतपेटियों में कैद हो गया।
ट्रैफिक डीएसपी ने किया निरीक्षण
जयजोर बुनियादी विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या पांच का सिवान ट्रैफिक डीएसपी शैलेश प्रीतम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएसपी और थानाध्यक्ष ने मतदान केंद्र के आसपास जमा भीड़ को खदेड़ दिया और लोगों को मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया।
मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। डीएसपी शैलेश प्रीतम ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

