✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंदर : सारण के दाउदपुर थाना क्षेत्र के एनएच-531 पर बेलदारी गांव के समीप गुरुवार की रात करीब 8:30 बजे हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चिकित्सक और एसटीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृतकों की पहचान सोनपुर थाना क्षेत्र के नौवाडीह निवासी राकेश कुमार सिंह और सिवान निवासी संतोष तिवारी के रूप में हुई है।
घायलों में मैरवा थाना क्षेत्र के एसटीएफ जवान परमेश्वर राम और आंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अमितेश कुमार शामिल हैं। दोनों का इलाज पटना स्थित पीएमसीएच में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि चिकित्सक डॉ. अमितेश कुमार अपनी निजी हुंडई कार से तीन दोस्तों के साथ पटना जा रहे थे। एनएच-531 पर बेलदारी गांव के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटनास्थल पर राकेश कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तत्काल दाउदपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने संतोष तिवारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल डॉ. अमितेश कुमार और एसटीएफ जवान को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच के दौरान कार से शराब की दो बोतल, नमकीन और चार गिलास बरामद हुए। बताया जाता है कि मृतक राकेश कुमार सिंह पहले आंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जेनरेटर ऑपरेटर का काम करता था और चिकित्सक का सहयोगी भी था।

