✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंदर : असांव थाना क्षेत्र के पचबेनिया गांव से लापता युवक मनु पटेल का 13 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार के सदस्य गहरे चिंतित हैं। इस मामले में पचबेनिया की निवासी और लापता युवक की मां, सुशीला देवी ने रविवार को असांव थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र की बरामदगी की मांग की है। उन्होंने आवेदन में बताया कि उनका बेटा गांव के ही दया पांडेय के चिमनी पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। 3 दिसम्बर की सुबह वह चिमनी पर काम करने के लिए गया था और देर शाम घर लौटने का वादा किया था, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। सुशीला देवी ने अपने पुत्र के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और उसके जल्दी मिलने की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

