✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दरौली और गुठनी के महंतों को महामंडलेश्वर की उपाधि, क्षेत्र में हर्ष
आंदर (सीवान): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में सीवान जिले के दो महंतों को महामंडलेश्वर की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया गया। दरौली थाना क्षेत्र के सिद्ध गुफा चकरी योगाश्रम के महंत रघुनाथ दास महाराज और गुठनी के महंत शिवेश्वर भारती को चित्रगुप्त अखाड़ा द्वारा महामंडलेश्वर पद की उपाधि दी गई। इस अवसर पर प्रयागराज में दोनों महंतों का विधिवत पट्टाभिषेक संस्कार संपन्न हुआ।
चित्रगुप्त अखाड़ा के आचार्य एवं अखिल भारतीय हिंदू सभा व संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दोनों महंतों का अभिषेक कर चादर और प्रमाणपत्र प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि महामंडलेश्वर की उपाधि सनातन धर्म के आध्यात्मिक धर्मगुरुओं और धर्म प्रचारकों को दी जाती है।महंतों के महामंडलेश्वर बनने की खबर से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। खुशी व्यक्त करने वालों में योगी मुकुंद बाबा (गोपालगंज), प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य रविप्रकाश मिश्र, गोलू अभिषेक तिवारी, विपुल चौबे, बजरंग कुमार, मिंटू समेत दर्जनों संत-महंत शामिल हैं।

