✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
आंदर गांव में शव पहुंचते ही मातम, नम आंखों से ग्रामीणों ने दी अंतिम विदाई
- दुबई में मजदूरी के दौरान गिरने से हुई थी युवक की मौत
- 10 दिन बाद हवाई मार्ग से गोरखपुर पहुंचा शव
- सांसद विजयलक्ष्मी देवी व जदयू नेता सुशील गुप्ता ने की मदद
- शव गांव पहुंचते ही परिजनों में मची चीख-पुकार
आंदर(सिवान): दुबई में मजदूरी करने गए एक युवक का शव 10 दिन बाद बुधवार को गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं आसपास के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुट गए।
मृतक की पहचान आंदर थाना क्षेत्र के आंदर गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र हरिकेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हरिकेश कुमार दुबई में रहकर मजदूरी का कार्य करता था। पांच मई को काम करने के दौरान गिरने से उसकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों ने बताया कि युवक के शव को घर तक लाने में सांसद विजयलक्ष्मी देवी एवं जदयू जिला सचिव सुशील गुप्ता ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। शनिवार को युवक का शव हवाई मार्ग से गोरखपुर लाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए उसे गांव पहुंचाया गया।
शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हर किसी की आंखें नम थीं और पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा। युवक की असामयिक मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
इस दौरान अंकित कुमार, विकास कुमार, अब्दुल मियां, संजय शिवानी, सतीश गोंड, संजय प्रसाद, विकास कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

