✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
साइड लेने के विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल
- आंदर ढाला गोलीकांड का पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन
- दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार, मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया
- पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ इनामी अपराधी
- मृतक सोनू यादव पर हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे
सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के गौशीहाता गांव में रविवार की अलसुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी अपराधी सोनू यादव मारा गया। मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
इस पूरे मामले पर सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 29 अप्रैल को नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास सड़क पर साइड लेने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी थी, जिसमें हर्ष सिंह की मौत हो गई थी जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस कांड के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो अभियुक्तों—हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू यादव और खरसंडा निवासी सुनील यादव—को गिरफ्तार किया। भागने के दौरान छोटू यादव पुलिस की गोली से घायल हो गया, जिसका इलाज पटना में चल रहा है।
आगे की कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि इस घटना का मुख्य आरोपी सोनू यादव नौतन थाना क्षेत्र के पचलखी बाजार में अपने साथियों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां से बड़हरिया की ओर निकल चुके थे।
लकड़ी जाने वाले मार्ग पर दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें दोनों ओर से दो-दो राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक बदमाश घायल हो गया।
घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई, जो इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी था।


