✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंदर (सीवान): सपनों को पूरा करने के लिए जुनून और मेहनत की मिसाल आंदर प्रखंड के मदेशिलापुर निवासी राजन भारती ने पेश की है। पिता जनार्दन भारती और मां रीता देवी के पुत्र राजन भारती ने बीपीएससी परीक्षा में आठवीं रैंक हासिल कर डीएसपी का पद प्राप्त किया। सोमवार को पहली बार गांव पहुंचने पर स्वजनों और ग्रामीणों ने उनका गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया।
जब राजन भारती आंदर स्थित दाहा नदी पुल के समीप पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें फूलमालाओं से लादते हुए जुलूस के साथ गांव लाया। इस दौरान हर ओर उत्सव जैसा माहौल था। राजन भारती ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने गांव के युवाओं को मेहनत और लगन से अपने सपनों को साकार करने की सलाह दी।
गौरतलब है कि एक साल पहले राजन भारती दारोगा के पद पर कार्यरत थे। उनकी इस उपलब्धि पर जदयू जिला सचिव सुशील गुप्ता, पूर्व सैनिक संघ जिलाध्यक्ष रामाशीष दुबे, दिलीप प्रसाद, कन्हैया शर्मा, नागेंद्र शर्मा, कार्तिक कुमार और श्रीकांत यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की और उन्हें बधाई दी।

