✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंदर (सिवान), थाना क्षेत्र के दो गांवों में एक ही रात चोरों ने चारपहिया वाहनों की चोरी का प्रयास किया। इस मामले में दोनों वाहन मालिकों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को अमनौरा के बारी टोला निवासी भाजयुमो कार्यसमिति के सदस्य सह वाहन मालिक धनेश्वर पांडेय ने आवेदन देकर बताया कि गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने उनके दरवाजे पर खड़ी बोलेरो और स्कॉर्पियो का लॉक तोड़कर चोरी करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि मध्य रात्रि दोनों वाहनों को चालक साटा से लाकर दरवाजे पर खड़ा कर गए थे, जिसके बाद अज्ञात चोरों ने लॉक तोड़ने का प्रयास किया।
इसी तरह, हुजहुजीपुर निवासी राजन कुमार उपाध्याय ने शुक्रवार को आंदर थाना में आवेदन देकर छह अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात उनकी बोलेरो बथान के समीप खड़ी थी। मध्य रात्रि दो बाइकों पर छह अज्ञात चोर पहुंचे और वाहन का लॉक तोड़ने लगे। जब लॉक तोड़ने की आवाज सुनकर वे बाहर आए, तो सभी चोर मौके से फरार हो गए।
इस मामले में थानाध्यक्ष पप्पन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

