Explore

Search

May 30, 2026 10:58 pm

आंदर : गड़ार पुल के पास खूनी हमला, एक को गोली, दूसरे पर चाकू से वार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

शाम होते ही अपराधियों का तांडव, दो युवक गंभीर रूप से घायल

  • गड़ार पुल के पास वारदात, इलाके में दहशत
  • एक युवक को गोली, दूसरे पर चाकू से हमला
  • दोनों घायल, एक की हालत नाजुक
  • पुलिस ने हमलावर की तलाश में छापेमारी शुरू की

सिवान: जिले के आंदर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम अपराधियों ने खुलेआम खूनी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। गड़ार पुल के पास एक स्माइकर युवक ने दो युवकों पर हमला कर दिया, जिसमें एक को गोली मार दी गई जबकि दूसरे पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।
घटना में गोली लगने से घायल युवक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फाजिलपुर निवासी अच्छेलाल यादव के पुत्र पंकज कुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं चाकू से घायल युवक गड़ार निवासी मोहन यादव का पुत्र संजय यादव बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हुसैनगंज बाजार में चाउमीन खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक स्माइकर युवक ने गड़ार पुल के पास उन्हें रोक लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिसमें संजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद हमलावर ने पिस्टल निकालकर पंकज कुमार यादव पर फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि गोली पंकज के कमर में लगी, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले हुसैनगंज अस्पताल और फिर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने पंकज की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर