Explore

Search

May 30, 2026 11:29 pm

आंदर : उत्क्रमित उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज बंगरा उज्जैन को मिला नया प्रभारी प्रधानाध्यापक, शिक्षकों ने किया भव्य स्वागत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पहली बार उच्च विद्यालय के शिक्षक को मिली प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी


आंदर (सीवान): उत्क्रमित उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज बंगरा उज्जैन में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अवसर देखने को मिला। विद्यालय के वरीय शिक्षक अनिल कुमार पाण्डेय को विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त किए जाने पर विद्यालय परिवार की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा।
समारोह के दौरान विद्यालय के पूर्व प्रभारी एवं वर्तमान मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशील कुमार सिंह ने औपचारिक रूप से अनिल कुमार पाण्डेय को विद्यालय का संपूर्ण प्रभार सौंपा। इसके बाद शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षक सुरेन्द्र पाण्डेय, अरविन्द तिवारी, हरिशंकर सिंह, उमेश पंडित, निर्केश उपाध्याय, रवि प्रताप सिंह, दीपक त्रिपाठी, अमित कुमार, राजन कुमार, अभय कुमार, मालती सिंह, सरोज कुमारी, अनन पटेल, नवनीत, चंदन कुमार, शिल्पा सिंह, बृज कुमारी, पूनम, जितेन्द्र प्रसाद, मुकेश कुमार, संगम, अर्पिता कुमारी, कंचनलता एवं धर्मेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक एवं अपनी प्रभावशाली वाणी के लिए प्रसिद्ध उदयनारायण सिंह ने किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2012 में विद्यालय को उच्च विद्यालय तथा वर्ष 2022 में इंटर कॉलेज का दर्जा एवं कोड प्राप्त हो चुका था। इसके बावजूद विद्यालय का संचालन अब तक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक के अधीन किया जा रहा था। पहली बार उच्च विद्यालय के किसी शिक्षक को विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाए जाने से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में विशेष खुशी देखी जा रही है।
विद्यालय परिवार का मानना है कि यह निर्णय शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और संस्थान के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। सभी ने उम्मीद जताई कि अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर