✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
कटवार गांव में विद्युत तार से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही, कई किसानों की फसल खाक
सीवान।असांव थाना क्षेत्र के कटवार गांव में सोमवार की सुबह बिजली के शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने भारी नुकसान पहुंचाया। खेतों के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार में हुए शार्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे करीब 10 बीघे फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक खेतों में खड़ी गेहूं की फसल धधकने लगी। आग की लपटें और धुआं देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पंपसेट के माध्यम से पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, अन्यथा आग और भी अधिक तबाही मचा सकती थी।
इस हादसे में कटवार गांव के दोहाई भगत, रामसिंगार यादव, लोचन चौहान समेत अन्य किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। घटना से आहत जदयू जिला सचिव सुशील गुप्ता ने अंचलाधिकारी नीलम कुमारी से किसानों को शीघ्र फसल क्षति मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तारों की मरम्मत नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।