Explore

Search

March 22, 2026 7:08 am

बड़हरिया/आंदर : अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत, तीन घायल

✍ परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान : जिले में सोमवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सिवान सदर अस्पताल में चल रहा है।

पहली घटना बड़हरिया-बरौली मुख्य पथ पर धनाव मोड़ के समीप हुई। दोपहर के समय दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी त्रिलोकी साह के पुत्र राजीव साह उर्फ खेसारी साह (24) और बरौली थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी रामबाबू सहनी के पुत्र जितेंद्र कुमार (18) के रूप में हुई है। घायलों में फुलवरिया निवासी नीरज साह (संतोष साह के पुत्र) और मिर्जापुर निवासी एक महिला शामिल हैं।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा, एसआई अभिषेक कुमार और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए जाम लग गया।

दूसरी घटना आंदर थाना क्षेत्र के चकरी बाजार के पास हुई। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के कौसड़ निवासी इंद्रजीत सिंह पटेल अपनी पत्नी रामवली देवी के साथ बाइक पर सिवान जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक फिसलकर सामने से आ रहे ट्रक के नीचे चली गई। ट्रक की चपेट में आने से इंद्रजीत सिंह पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर