सात दिवसीय संकटमोचन हनुमत महायज्ञ को ले भव्य कलश यात्रा का आयोजन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हाथी-घोड़े व बैंड बाजे के साथ निकली यात्रा, जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल
हुसैनगंज (सिवान): श्री जगदीश्वर हनुमान मंदिर, हुसैनगंज चट्टी चारमुहानी (हनुमान चौक) के छठे स्थापना दिवस पर आयोजित सात दिवसीय संकटमोचन हनुमत महायज्ञ की शुरुआत शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई।
कलश यात्रा का नेतृत्व भरौली मठाधीश रामनारायण दास महाराज ने किया। श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा हाथी, घोड़े और बैंड बाजे के साथ यज्ञ स्थल से शुरू होकर बघौनी, दरवेशपुर होते हुए माहपुर स्थित दाहा नदी तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यजमान दंपती जगदीश साह एवं विंदा देवी की उपस्थिति में कलश में जल भरा गया।
यात्रा के दौरान जय श्रीराम, जय बजरंग बली और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहीं।
कलश यात्रा के बाद यज्ञ स्थल पर भगवान गणेश की पूजा के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। यज्ञाचार्य पंडित मनीष तिवारी ने बताया कि 23 मई से शुरू हुआ यह महायज्ञ 29 मई को हवन-पूजन व पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न होगा।
प्रतिदिन हवन, रामलीला, रासलीला, कथावाचक अर्चनामणि पराशर की कथा व प्रवचन की प्रस्तुति की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मनोरंजन की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें झूला, जंप, घोड़ा गाड़ी और डिज्नीलैंड प्रमुख हैं।
इस अवसर पर महेश गुप्ता, मदन गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, श्रीराम गुप्ता, दिलीप कुमार चौधरी, राजकुमार प्रसाद समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।