हुसैनगंज: मारपीट मामले में तीन नामजद समेत 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ताजिया बनाने को लेकर हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस कर रही जांच
हुसैनगंज (सिवान) : थाना क्षेत्र के जुड़कन गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। घटना तीन जुलाई की शाम की बताई जा रही है, जिसमें एक पक्ष के जैनुद्दीन अंसारी द्वारा हुसैनगंज थाने में तीन नामजद व आठ से दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्राथमिकी में जैनुद्दीन अंसारी ने बताया कि वह अपने घर के पास ताजिया निर्माण कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति वहां आकर गाली-गलौज करने लगा। जब इसका विरोध किया गया तो उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना प्रभारी छोटन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन नामजद व करीब 8-10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

