बेटी की शादी के लिए निकासी करने आए बुजुर्ग से 50 हजार रुपये उड़ा ले गए उचक्के
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज इंडियन बैंक में बड़ी लापरवाही, सीसीटीवी में नहीं दिखे आरोपी, बैंक सुरक्षा पर उठे सवाल
हुसैनगंज (सिवान): प्रखंड मुख्यालय स्थित इंडियन बैंक की शाखा में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब बेटी की शादी के लिए पैसे निकालने आए एक बुजुर्ग से उचक्कों ने 50 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित हुसैनगंज दक्षिण मोहल्ला निवासी मोहम्मद इलियास उर्फ छोटे बताए गए हैं, जिनकी पुत्री की शादी आगामी 10 जुलाई को है।
परिजनों के अनुसार, इलियास बैंक से डेढ़ लाख रुपये की निकासी कर गेट से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान उचक्कों ने उन्हें चकमा देकर उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने बैंक प्रबंधक मुकेश कुमार पांडेय को इसकी सूचना दी। प्रबंधक ने बताया कि इलियास को पहले ही सलाह दी गई थी कि इतनी बड़ी राशि निकालने के लिए किसी स्वजन को साथ लाएं, लेकिन वह अकेले ही आए थे।
बैंक के सीसीटीवी कैमरे की जांच के बावजूद आरोपियों की स्पष्ट तस्वीर नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि बैंक में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर बैंक प्रबंधन ने अब तक कोई ठोस इंतजाम नहीं किया है।
बैंक परिसर में सुरक्षाकर्मी की तैनाती के बावजूद घटना ने बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाचार लिखे जाने तक मामले की जानकारी थाना को नहीं दी गई थी।