Explore

Search

April 21, 2026 6:45 am

हुसैनगंज : बाइक सवार उचक्कों ने दंपती से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये व जेवर

हुसैनगंज : बाइक सवार उचक्कों ने दंपती से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये व जेवर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
टेढ़ीघाट के पास वारदात, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सिवान : हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों ने एक दंपती से डेढ़ लाख रुपये और जेवर से भरा झोला झपट्टा मारकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मड़कन निवासी अमरनाथ महतो ने 23 फरवरी को थाने में आवेदन देते हुए बताया कि जमीन बिक्री से प्राप्त डेढ़ लाख रुपये को जमा करने के लिए वे अपनी पत्नी के साथ सिवान स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे थे। बैंक में एक अज्ञात युवक से जमा पर्ची भरवाने के बाद जब वे काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि केवाईसी अपूर्ण होने के कारण रुपये जमा नहीं किए जा सकते।
इसके बाद दंपती बाजार गए और करीब 11 हजार रुपये का एक जेवर खरीदा। खरीदारी के पश्चात वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेढ़ीघाट के समीप बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर रुपये व जेवर से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए। झोले में डेढ़ लाख रुपये नकद एवं एक जेवर रखा हुआ था।
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर