हुसैनगंज : बरात में मारपीट, नेवता की राशि और सोने की चेन छीनने का आरोप, 13 लोगों पर FIR दर्ज
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज के सहुली टोले घिसनापुर की घटना, अवैध हथियार से की गई थी वारदात
सिवान (हुसैनगंज): थाना क्षेत्र के सहुली टोले घिसनापुर में 22 मई की रात एक शादी समारोह के दौरान मारपीट, लूट और धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सत्यदेव पंडित के आवेदन पर नौ नामजद और चार अज्ञात समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया कि 22 मई की रात उनकी भतीजी की शादी में बारात आई थी। रात करीब 11:30 बजे उनके चचेरे भाई प्रेमचंद पंडित और भतीजा अमरजीत शादी में मिले नेवते की रकम का हिसाब कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी मिथिलेश यादव अपने कई स्वजनों के साथ वहां पहुंचे और नेवते में मिले ₹13,000 छीनने की कोशिश करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने अवैध हथियार से प्रेमचंद और अमरजीत के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान शोर सुनकर कुछ रिश्तेदार जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो तीन रिश्तेदारों की सोने की चेन भी छीन ली गई। आरोपियों की जल्दबाज़ी में एक बाइक मौके पर छूट गई, जिसे वे अगले दिन लेने आए तो पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु कार्रवाई की जा रही है।