Explore

Search

December 15, 2025 9:55 am

हुसैनगंज : पराली जलाने से रोकने हेतु किसानों को किया गया जागरूक

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

हुसैनगंज (सिवान)।
कृषि विभाग द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन एवं पराली जलाने से रोकने के उद्देश्य से प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत किसानों को न सिर्फ प्रशिक्षित किया गया, बल्कि पराली जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई।

जानकारी के अनुसार प्रतापपुर, चाप, छाता, मचकना, हथौड़ा, बघौनी, खानपुर खैरांटी, पश्चिमी हरिहांस, बड़रम और पूर्वी हरिहांस समेत कई पंचायतों में अभियान चलाया गया। प्रतापपुर पंचायत भवन पर कृषि समन्वयक राजीव रंजन ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि पराली जलाने से खेत की उर्वरा शक्ति घटती है और वायुमंडलीय प्रदूषण में खतरनाक वृद्धि होती है।

उन्होंने बताया कि पराली जलाने से सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें वातावरण में फैलती हैं, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई होती है और यह घातक बीमारियों को जन्म देता है। साथ ही भूमि में मौजूद लाभदायक जीवाणु, मित्र कीट और केंचुए भी नष्ट हो जाते हैं।

राजीव रंजन ने किसानों को बताया कि पराली प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर, रोटरी मल्चर और एक्स्ट्रा रीपर जैसे कृषि यंत्रों पर विभाग द्वारा अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को पराली से भूसा बनाकर अतिरिक्त आय प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर