Explore

Search

June 17, 2026 6:32 pm

हुसैनगंज : दो पट्टीदारों के बीच हुई झड़प में दो महिलाओं समेत पांच घायल, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी

दो पट्टीदारों के बीच हुई झड़प में दो महिलाओं समेत पांच घायल, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

हुसैनगंज के पकवलिया गांव में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, 11 लोगों को बनाया गया नामजद

हुसैनगंज (सिवान): थाना क्षेत्र के पकवलिया गांव में शुक्रवार की रात दो पट्टीदारों के बीच आपसी विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है।

पहले पक्ष से पीड़िता बेदांती देवी ने अपने आवेदन में बताया कि उनके पट्टीदारों में आपसी झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके दरवाजे पर आकर अपनी शिकायत करने लगा। तभी दिलीप राम अपने परिजनों के साथ लाठी, भाला व तलवार लेकर उनके दरवाजे पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए चारों ओर से घेरकर उनके पुत्र शशिकांत पर जानलेवा हमला कर दिया।

घटना में शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंची सरिता कुमारी और गया राम को भी आरोपितों ने मारपीट कर घायल कर दिया।

वहीं दूसरे पक्ष से दौलती देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि 11 जुलाई की रात वह अपने पति के साथ बातचीत कर रही थीं, तभी पड़ोसी गया राम अपने स्वजनों के साथ लाठी, डंडा और रॉड लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्राथमिकी दर्ज कर दोनों पक्षों की मेडिकल जांच भी करवाई गई है। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर