✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
शौचालय में छुपने को लेकर बढ़ा विवाद, दोनों पक्षों ने कराई प्राथमिकी
हुसैनगंज (सीवान) : थाना क्षेत्र के कुतुबछपरा गांव में 29 मार्च की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में दोनों पक्षों ने थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें कुल 15 लोगों को नामजद किया गया है।
पहले पक्ष से तारिक अनवर ने आरोप लगाया कि शमशाद नट चोरी की नीयत से उनके घर में घुस गया और शोरगुल होने पर शौचालय में छुप गया। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम को सौंप दिया गया। इसके बाद शमशाद के स्वजन एकजुट होकर उनके घर पर पथराव करने लगे, जिससे वह आंशिक रूप से घायल हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने घर का मुख्य द्वार तोड़ने और आग लगाने की धमकी दी।
वहीं, दूसरे पक्ष से अदालत हुसैन ने आरोप लगाया कि 29 मार्च की शाम उनका पुत्र शमशाद अली फारुक मौलाना के घर मजदूरी का पैसा मांगने गया था, लेकिन कम पैसे दिए जा रहे थे। विरोध करने पर फारूक मौलाना के स्वजन ने गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की और उसे शौचालय में बंद कर दिया। बाद में झूठा आरोप लगाकर पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर 15 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

