सीवान में सामूहिक दुष्कर्म के बाद नाबालिग ने की आत्महत्या की, जांच में जुटी पुलिस
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सीवान (बिहार)। जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के करमासी गांव में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उसके साथ एक दिन पहले कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बुधवार को नाबालिग गांव के एक बगीचे में आम तोड़ने गई थी, जहां कुछ युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गांव के दो युवकों ने उसे बाद में बिखरे बाल और मिट्टी से सने हुए देखा और घर पहुंचाया। परिजनों द्वारा डांट-फटकार के बाद अगले दिन दोपहर करीब 1 बजे लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वह स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और शव का पोस्टमॉर्टम सीवान सदर अस्पताल में कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतका का कोई आत्महत्या नोट नहीं मिला है।

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक मानसिकता पर भी सवाल खड़े करती है। पुलिस ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है, लेकिन इस मामले में पीड़िता को समय पर सहारा न मिल पाना चिंताजनक है।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश जारी रखी है। मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़िता के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।