Explore

Search

April 13, 2026 1:58 pm

हसनपुरा में विद्यालयों से लेकर नगर क्षेत्र तक योग दिवस की धूम

हसनपुरा में विद्यालयों से लेकर नगर क्षेत्र तक योग दिवस की धूम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

हसनपुरा (सिवान) : प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों सहित विभिन्न स्थलों पर शनिवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर योगाभ्यास किया और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

विद्यालय परिसरों में छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, हलासन, शीर्षासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे योगासनों का अभ्यास किया। शिक्षकों ने बच्चों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अभिन्न अंग है जो शरीर को स्वस्थ और मन को शांत करता है।

इस अवसर पर महर्षि पतंजलि के योगदान को याद करते हुए शिक्षकों ने बताया कि उन्होंने योग को सूत्रबद्ध कर पूरी दुनिया को एक नई दिशा दी, जिसे आज विश्व भर में अपनाया जा रहा है।

नगर पंचायत हसनपुरा क्षेत्र में भी योग शिविरों का आयोजन किया गया। उसरी बुजुर्ग स्थित खुदी बाबा परिसर में बीजेपी नेता लक्ष्मीकांत पाठक के नेतृत्व में योग दिवस मनाया गया। योगाभ्यास का आरंभ अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और संधि योग से हुआ। कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार, शीर्षासन सहित कई आसनों का अभ्यास किया गया।

मौके पर आमोद शर्मा, श्याम सुंदर, बबीता सोनी, अरविंद गुप्ता, जितेंद्र कुमार साह, परमानंद भगत, दीपक, लवकुश, विकास, चिंटू लाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर