Explore

Search

December 11, 2025 4:36 am

हसनपुरा : डाग स्क्वायड व फारेंसिक टीम ने गोविंद हत्याकांड की जांच तेज की

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

हसनपुरा के धनौती गांव में युवक की हत्या का मामला, घटनास्थल से जुटाए गए अहम साक्ष्य, पुलिस को मोबाइल सीडीआर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हसनपुरा (सिवान) : एमएच नगर थाना क्षेत्र के धनौती गांव निवासी मनु राम के 20 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार की हत्या मामले में जांच तेज हो गई है। मंगलवार की देर शाम एसडीपीओ अजय कुमार सिंह व गोपालगंज से आई फारेंसिक टीम के प्रवण कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल से शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया गया तथा पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया गया। इसके उपरांत फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य व सैंपल एकत्र किए।

बुधवार को छपरा से पहुंची इंस्पेक्टर रेंज की डाग स्क्वायड टीम ने हैंडलर सुरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में घटनास्थल की जांच की। डॉग स्क्वायड केवल 50 कदम की दूरी तक ही पहुंच सका, जिसके आधार पर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को जब शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। स्वजनों व ग्रामीणों ने मिलकर गोविंद का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक की मां, बहन व भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण स्वजनों को ढाढ़स बंधाते नजर आए।

पुलिस के अनुसार, अभी तक हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। वहीं मृतक के परिजन इस घटना को हत्या मानते हुए संदेह जता रहे हैं कि गोविंद की हत्या कहीं और कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है।

थानाध्यक्ष मिहिर कुमार ने बताया कि मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) बुधवार की देर शाम तक प्राप्त हो जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीडीआर से घटना की असल वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटनास्थल पर इंस्पेक्टर अब्दुल माजिद, आंदर थानाध्यक्ष पप्पन कुमार सहित स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस हर पहलु पर गहराई से जांच कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर