✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हसनपुरा प्रखंड के हरपुर कोटवा पंचायत में सड़क के बीच अधूरे नाला निर्माण से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सुनील सिंह, जितेंद्र सिंह, देवानंद गिरि, राहुल ठाकुर, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश ठाकुर, राजू सिंह, कृष्णा सिंह, हृदया सिंह, छट्ठू ठाकुर और नन्हे सिंह समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।
ग्रामीणों ने बताया कि छह माह पूर्व जिला परिषद मद से करीब पांच लाख रुपये की लागत से बृजेश सिंह के दरवाजे से सरकारी गड्ढे तक 500 फीट लंबा नाला बनना था, लेकिन सिर्फ 300 फीट तक ही गौरी शंकर सिंह के आवास तक निर्माण कर छोड़ दिया गया। अधूरा नाला अनुपयोगी बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाला सड़क से 1 से 1.5 फीट ऊंचा बना दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है और लोगों को पूरे गांव का चक्कर लगाकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब से नाला बना है, तब से जिला परिषद सदस्य ने इसकी सुध तक नहीं ली।
अधूरे नाले से परेशान ग्रामीण अब अपने स्तर से मिट्टी भराई कर समस्या का हल निकालने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, इस मामले में जिला परिषद सदस्य कमला देवी के पुत्र अमन सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर नाला सड़क से ऊंचा बनाया गया था और जितनी योजना की स्वीकृति थी, उतना ही निर्माण हुआ है।

