✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
समिति ने कहा—सामूहिक सहयोग व शांतिपूर्ण आयोजन ने रचा एक नया कीर्तिमान
सीवान शहर के जेपी चौक स्थित सरैया भवन में मंगलवार की देर शाम रामनवमी शोभायात्रा की सफलता के उपलक्ष्य में प्रशासनिक अधिकारियों और रामनवमी जन्मोत्सव समिति के सदस्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति अध्यक्ष सुनील दत्त शुक्ल ने इस वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक करार दिया और समस्त रामभक्तों, समिति के कार्यकर्ताओं व जिला प्रशासन को इसके सफल संचालन के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि रामनवमी के आयोजन में स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संगठनों और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं ने मिलकर अभूतपूर्व सहयोग किया। इस सहयोग के कारण कार्यक्रम में कहीं कोई हिंसा नहीं हुई और पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण वातावरण में शोभायात्रा संपन्न हुई। सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समुचित रूप से की गई थीं, जिसमें विशेष रूप से पेयजल की व्यवस्था भी शामिल रही।
श्री शुक्ल ने जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सक्रियता के कारण व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
इस मौके पर सचिव मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष सुधांशु सरैया उर्फ बबलू, संरक्षक प्रवीण कुमार गोप, मीडिया प्रभारी इंजीनियर सतीश कुमार सिंह, सह कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, पूजा प्रभारी जयप्रकाश पाठक और आशीष अग्रवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद थे।

