Explore

Search

March 15, 2026 12:36 am

सीवान: युवाओं ने खेली कुर्ता फाड़ होली, परंपरागत गीतों पर झूमते रहे लोग

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

रंगों और उमंग से सराबोर रहा होली का पर्व, युवाओं की टोली ने दिखाया अनोखा उत्साह

रंगों के त्योहार होली की धूम शुक्रवार को पूरे जिले में देखने को मिली। सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे को रंग, अबीर और गुलाल लगाकर इस पर्व की बधाई दी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक होली का उल्लास चरम पर था। खासकर युवाओं में कुर्ता फाड़ होली का जबरदस्त क्रेज दिखा, जिसमें वे न केवल कपड़े फाड़ते दिखे बल्कि एक-दूसरे पर कीचड़ भी उड़ाया। राहगीरों को भी रंग-गुलाल से सराबोर कर इस उत्सव में शामिल कर लिया गया।

गली-मोहल्लों में गूंजे होली गीत, मटका फोड़ प्रतियोगिता में दिखा जोश

ढोलक, झाल और मजीरे की थाप पर होली गीतों की गूंज पूरे दिन सुनाई दी। “होली खेले रघुवीरा अवध में…” और “फागुन आयो रे…” जैसे पारंपरिक गीतों पर लोगों ने जमकर डांस किया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मोहल्लों में युवाओं की टोलियां होली के रंग में डूबी नजर आईं। कई जगहों पर मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने अपने कौशल और ताकत का प्रदर्शन किया।

बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद, छोटे बच्चों की भी दिखी उत्सुकता

शाम होते-होते माहौल और भी खुशनुमा हो गया। छोटे-छोटे बच्चे गुलाल लेकर घरों से निकले और अपने परिवार के बड़े-बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों ने भी तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर होली की बधाई दी। पूरे जिले में आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ होली का यह उत्सव मनाया गया, जहां हर कोई रंगों की मस्ती में सराबोर नजर आया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर