✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
शहर में भव्य यात्रा निकली, श्याम भजनों से गूंज उठा वातावरण
सीवान में सोमवार की सुबह खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा (ध्वज पद यात्रा) मारवाड़ी समाज द्वारा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आकर्षक रूप से सजे खाटू श्याम बाबा को रथ में विराजित कर जयप्रकाश नगर से यात्रा प्रारंभ की गई, जो शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए कचहरी रोड स्थित राधे कृष्ण मंदिर पर संपन्न हुई।
पूरे मार्ग में श्याम भजनों की गूंज सुनाई दी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। इस भव्य आयोजन में मारवाड़ी समाज के युवा, बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहरभर में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा निशान यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
आयोजकों के अनुसार, यह निशान यात्रा जिले में विगत नौ वर्षों से प्रत्येक वर्ष फाल्गुन महीने की शुक्ल पक्ष एकादशी को बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में भगवान कृष्ण ने वीर बर्बरीक (घटोत्कच के पुत्र एवं महाबली भीम के पौत्र) से शीश दान मांगा था, जिसे उन्होंने सहर्ष अर्पित कर दिया था। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान कृष्ण ने बर्बरीक को कलियुग में खाटू श्याम के रूप में अवतरित होने और “हारे का सहारा” बनने का वरदान दिया था।
इस भव्य शोभायात्रा के आयोजन में खाटू श्याम सेवक मंडल के सचिव शंकर पंसारी, सदस्य पीयूष जगनानी, कोषाध्यक्ष सौरभ बजाज, सौरभ कनोडिया, मुकुंद रूंगटा, करण सोमानी, सौरभ पंसारी, अभिषेक महेंसरिया एवं मीडिया प्रभारी रत्नेश गर्ग सहित कई श्रद्धालु सक्रिय रूप से शामिल रहे।