Explore

Search

March 12, 2026 1:24 pm

सीवान: एडीआरएम ने होली को लेकर जंक्शन का किया निरीक्षण

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर रेलवे प्रशासन अलर्ट

सीवान: होली पर्व के दौरान संभावित यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) राजेश कुमार सिंह ने सीवान जंक्शन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा करना था। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग हॉल, आरक्षण केंद्र, रनिंग रूम और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं को परखा गया।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिया कि होली पर्व के दौरान स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में बने नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) से स्टेशन परिसर की पूर्ण निगरानी की जाएगी। वाणिज्यिक गतिविधियों की गहन मॉनिटरिंग के साथ-साथ यातायात निरीक्षक, लोको निरीक्षक, सिग्नल एवं टेलीकॉम निरीक्षक, विद्युत निरीक्षक, यांत्रिक निरीक्षक, पीडब्ल्यूआई निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक सहित सभी विभागीय वरिष्ठ पर्यवेक्षक अपने-अपने विभागों की निगरानी करेंगे और जरूरत पड़ने पर त्वरित निर्णय लेंगे।

24 घंटे हेल्प डेस्क, सुरक्षा और सफाई पर विशेष जोर

होली के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए जंक्शन पर 24 घंटे संचालित होने वाला हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा। इस डेस्क पर विशेष ट्रेनों की जानकारी उपलब्ध रहेगी और सहयोग काउंटर पर विशेष गाड़ियों की सूची प्रदर्शित की जाएगी। गाड़ियों का आगमन तय प्लेटफार्म पर ही होगा, और प्लेटफार्म परिवर्तन केवल अपरिहार्य स्थिति में किया जाएगा, वह भी पर्याप्त ठहराव समय देते हुए।

स्टेशन परिसर में बिजली और जल आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित की जाएगी, जबकि सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे सुरक्षा बल की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। खानपान इकाइयों पर बेचे जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की लगातार जांच होगी, साथ ही स्टेशन और ट्रेनों में अवैध वेंडिंग पर रोक लगाई जाएगी।

सीसीटीवी और सुरक्षा स्कैनर से निगरानी

स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा स्कैनरों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाएगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) अनिल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बलेंद्र पाल, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पांडेय, मंडल विद्युत अभियंता रामदयाल, सहायक मंडल अभियंता लोकेश कुमार सागरवंशी, सहायक सुरक्षा आयुक्त (छपरा) मुकेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह, आरपीएफ उप निरीक्षक संजय कुमार पांडेय सहित कई रेलवे अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर