✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल मासूम बच्ची की सोमवार की रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के रोषतमपुर निवासी चंद्रमोहन चौरसिया की छह वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई। बताया जाता है कि चार मार्च को वह अपने स्वजनों के साथ चैनपुर थाना क्षेत्र के माधवापुर गांव में अपने मामा भोला चौरसिया के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
कैसे हुआ हादसा?
सात मार्च की शाम गुड़िया माधवापुर गांव में चैनपुर-सिवान स्टेट हाईवे पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई।
इलाज के लिए कई अस्पतालों में भटकते रहे स्वजन
हादसे के बाद स्वजन उसे तत्काल चैनपुर के एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां से डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने भी स्थिति नाजुक देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां सोमवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम
गुड़िया की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग उन्हें सांत्वना देने में लगे हैं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

