Explore

Search

February 15, 2026 1:51 pm

सिसवन : युवाओं ने संभाली कमान, कमलदाह सरोवर की सफाई में दिखाया जोश

युवाओं ने संभाली कमान, कमलदाह सरोवर की सफाई में दिखाया जोश
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

श्रावणी मेला से पहले शिवभक्तों और समाजसेवियों ने मिलकर किया ऐतिहासिक सरोवर की सफाई

सिसवन (सिवान) : श्रावणी मेला के शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में बाबा महेंद्रनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल भरने का प्रमुख केंद्र ऐतिहासिक कमलदाह सरोवर गंदगी से भरा हुआ है। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते सरोवर की स्थिति नारकीय हो गई है।

ऐसे हालात में समाजसेवी चंदन कुमार दुबे के नेतृत्व में युवाओं व शिवभक्तों ने खुद पहल करते हुए कमलदाह सरोवर की सफाई का बीड़ा उठाया। उन्होंने श्रमदान करते हुए सरोवर में जमी जलकुंभी, झाड़-झंखाड़, मलवा और गाद को हटाना शुरू कर दिया।

सफाई अभियान में शामिल चंदन दुबे, अभिषेक सिंह, विनय पांडेय, उत्सव कुमार, धर्मेंद्र लाल, सुबोध चौबे आदि ने कहा कि जरूरी नहीं हर कार्य सरकारी संसाधनों से ही हो, यदि इच्छाशक्ति हो तो समाज अपने बलबूते भी बड़े काम कर सकता है।

उन्होंने बताया कि बाबा महेंद्रनाथ की पूजा के लिए हर साल हजारों श्रद्धालु जल भरने आते हैं, लेकिन सरोवर सूखने और गंदगी के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पिछली गर्मी में तो सरोवर पूरी तरह सूख गया था, जिससे न स्नान हो सका और न ही पूजा की प्रक्रिया पूरी हो पाई।

स्थानीय युवाओं ने श्रावणी मेले को ध्यान में रखते हुए सामूहिक प्रयासों से सफाई कार्य को गति दी है। उनका मानना है कि जल संकट से निपटने के लिए जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता अनिवार्य है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर