✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
घुरघाट के समीप धारदार हथियार से हमला, इलाज के दौरान मौत
सिसवन (सिवान)। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके विरोध में परिजनों ने सिसवन थाने पर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना 14 मार्च की रात घुरघाट गांव के समीप स्टेट हाईवे पर हुई, जब सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के हिमादपुर बीन टोला निवासी 19 वर्षीय अरुण कुमार पर तीन युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल अरुण को पहले सिसवन रेफरल अस्पताल, फिर सदर अस्पताल और अंततः पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर सीधे सिसवन थाने पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के दौरान प्रेमिका थी साथ
जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त अरुण अपनी प्रेमिका को बाइक से सीवान की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान घुरघाट के पास बाइक सवार तीन हमलावरों ने लोहे की रॉड से अरुण के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह अचेत हो गया। युवती ने पुलिस को बताया कि हमलावर अचानक आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रेम प्रसंग का मामला, पुलिस जांच में जुटी
घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमिका से पूछताछ की जा रही है और आवेदन के आधार पर जल्द मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।