Explore

Search

May 8, 2026 2:12 pm

सिसवन : तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, महिला सहित तीन गंभीर रूप से घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

घुरघाट के समीप सिसवन-सिवान स्टेट हाईवे पर हुई घटना, अनीता देवी की हालत चिंताजनक

सिवान : सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव के पास सिसवन-सिवान स्टेट हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान कचनार गांव निवासी कौशल किशोर वर्मा, उनकी पत्नी अनीता देवी और सात वर्षीय पुत्र वैभव कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग चैनपुर बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी घुरघाट के समीप पीछे से तेज गति से आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सभी को रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अनीता देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर