जनार्दन यादव हत्याकांड: गिरफ्तारी नहीं होने पर थाना घेराव की चेतावनी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैप्पी यादव ने एसपी से की मुलाकात, 15 दिन का अल्टीमेटम
सिवान: सिसवन प्रखंड के रामपुर निवासी जनार्दन यादव की दो माह पूर्व हुई हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष चंद्र विजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी यादव ने पीड़ित परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी से मुलाकात की और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
इस दौरान हैप्पी यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनार्दन यादव की नृशंस हत्या के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंद्रह दिनों के भीतर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो थाने का घेराव किया जाएगा।
पीड़ित परिवार को दिलाया भरोसा
भाजपा नेता ने एसपी से मिलकर पीड़ित परिवार के दर्द को साझा किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने की लड़ाई में वे हर मोर्चे पर साथ खड़े हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई में तेजी लाने की अपील की।
अब तक नहीं हुई ठोस कार्रवाई
जनार्दन यादव की हत्या के दो माह बाद भी मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे लगातार पुलिस से संपर्क कर रहे हैं लेकिन न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई है और न ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी।
राजनीतिक दबाव में तेज हुई जांच की मांग
भाजपा नेताओं की सक्रियता के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि प्रशासन पर दबाव बढ़ेगा और हत्याकांड की जांच में तेजी आएगी। हैप्पी यादव ने कहा कि इस मुद्दे को पार्टी स्तर पर भी उठाया जाएगा ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।