एसडीओ व एसडीपीओ ने मेंहदार में श्रावणी मेला की तैयारियों का लिया जायजा
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुविधा के लिए अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
सिसवन (सिवान) : प्रखंड के ऐतिहासिक मेंहदार क्षेत्र में 11 जुलाई से आरंभ हो रहे श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता एवं एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बाबा महेंद्रनाथ मंदिर परिसर, स्नान घाटों एवं मेलास्थल का दौरा कर सुरक्षा और सुविधा की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बीडीओ राजेश कुमार, सीओ पंकज कुमार, चैनपुर थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंहा और प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय उपस्थित रहे।
पदाधिकारीद्वय ने मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, लाइनिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा निगरानी और श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही मेला के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
कमलदाह सरोवर के घाटों का भी निरीक्षण कर एसडीआरएफ टीम और नाविक दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि स्नान करने आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत योजना तैयार की गई, जिसमें पार्किंग स्थल, डायवर्जन रूट और ट्रैफिक नियंत्रण बिंदु शामिल हैं। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को निर्देशित किया कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा श्रद्धालुओं व आमजन को न हो, इसके लिए हर स्तर पर मुस्तैदी बरती जाए।