Explore

Search

March 7, 2026 11:29 am

सिवान : हथियार के बट से मारकर ट्रांसपोर्ट कर्मी से 52 हजार की लूट, घायल सदर अस्पताल में भर्ती

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

नगर थाना क्षेत्र के पालनगर में देर रात वारदात, घायल कर्मी ने पुलिस को दी पूरी जानकारी

सिवान : नगर थाना क्षेत्र के आदर्शनगर कॉलोनी अंतर्गत पालनगर में शनिवार की देर रात लूट की बड़ी वारदात हुई। तीन अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्ट कर्मी को हथियार के बल पर रोककर न केवल 52,986 रुपये लूट लिए, बल्कि हथियार के बट से सिर पर वार कर घायल भी कर दिया। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घायल कर्मी की पहचान फतेहपुर फतुलही निवासी संजय गिरि के रूप में हुई है। संजय गिरि ने बताया कि वे बाजार से वसूली कर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पालनगर जाने वाली सड़क पर पहुंचे, पीछे से तीन बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया।

बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया और हथियार के बट से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद वे भाग निकले। बैग में कुल ₹52,986 की नकदी थी, जो बाजार से वसूली की गई थी।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर