✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : बिहार सरकार के स्वास्थ्य, विधि एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने जिले के हुसैनगंज, सिसवन और हसनपुरा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पताल और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। मंत्री ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
हुसैनगंज प्रखंड के बड़रम पंचायत में 75 लाख की लागत से बने नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करते हुए मंत्री ने कहा कि इस केंद्र पर 146 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे ग्रामीणों को इलाज के लिए शहरों की ओर भागना न पड़े। कार्यक्रम में मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और बुके देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद मंत्री ने सिसवन प्रखंड मुख्यालय में 6.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रेफरल अस्पताल भवन और बघौना में 70 लाख की लागत से बने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। मंत्री ने बताया कि इन भवनों का निर्माण जून माह में ही पूरा हो गया था, लेकिन औपचारिक उद्घाटन की प्रतीक्षा थी।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच है कि आम गरीब और ग्रामीण व्यक्ति को उसके घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिल सके। उन्होंने बताया कि रेफरल अस्पतालों में 300 प्रकार की और प्राथमिक इकाइयों में 116 प्रकार की दवाइयां रखी जा रही हैं। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों को टेलीमेडिसीन सुविधा से जोड़ा जा रहा है, ताकि जूनियर डॉक्टर भी वरिष्ठ डॉक्टर से परामर्श कर सकें।
इस अवसर पर विधायक हरिशंकर यादव, कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, सिविल सर्जन श्रीनिवास प्रसाद, भाजपा नेता राहुल तिवारी, डा. अंशु अंकित, एच रहमान, बीएचएम एसरारुल हक, डा. आजाद, डा. शंकर भारती सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।