सोसाइटी हेल्पर ग्रुप ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, RPF टीम, समाजसेवियों और रूपल की रही भागीदारी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को सोसाइटी हेल्पर ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष अन्मोल कुमार राज और उनकी पूरी टीम ने सिवान आरपीएफ इंस्पेक्टर व उनकी टीम, समाजसेवियों तथा जागरूक नागरिकों के साथ मिलकर योग दिवस मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की गई, जिसके बाद योग प्रशिक्षक ने सभी प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। इस योग सत्र में आरपीएफ अधिकारी, उनकी टीम, सोसाइटी हेल्पर ग्रुप के सदस्य और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

भाजपा नेत्री रूपल आनंद ने कहा, “योग सिर्फ एक व्यायाम नहीं बल्कि आत्मा, मन और शरीर के संतुलन की कला है। यह हमारे जीवन में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति लाता है। आज जिस तरह सभी वर्गों के लोगों ने साथ मिलकर योग किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।”
अध्यक्ष अन्मोल कुमार राज ने भी अपने संबोधन में कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर हम न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि समाज को भी स्वस्थ और जागरूक बना सकते हैं। उन्होंने देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।

