✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल परिसर स्थित जीविका रसोई के मुख्य द्वार पर मंगलवार की देर शाम एक बदमाश ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान इलाज कराने आए मरीजों के दो स्वजनों को गोली लग गई। दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एसटीएफ ने उक्त बदमाश को बबुनिया मोड़ से पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस को सौंप दिया। फायरिंग की घटना से सदर अस्पताल से लेकर बबुनिया मोड़ तक भगदड़ मच गई, लोग इधर-उधर भागने लगे।

गोली लगने से घायल युवकों की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के किलपुर मठिया गांव निवासी संतोष तिवारी के पुत्र आलोक तिवारी एवं नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार निवासी जैकी कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए। वहीं, देर शाम एएफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश प्रतापपुर का रहने वाला है और उससे पूछताछ जारी है।

घायल आलोक तिवारी ने बताया कि वह अपनी दादी कमला देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया था। मंगलवार की शाम वह रिपोर्ट लेने अस्पताल से बाहर निकल ही रहा था कि तभी अस्पताल गेट के पास एक गार्ड ने एक युवक को पीछे से डंडा मारा। युवक के हाथ में अवैध हथियार था, उसने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। आलोक को एक गोली दाहिने हाथ में लगकर पैर में जा लगी। वहीं, दूसरे घायल जैकी कुमार ने बताया कि बदमाश को पकड़ने के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे उसके पैर में छर्रा लग गया।

घटनास्थल पर कुल चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें से दो गोलियां रोड पर और दो अस्पताल परिसर के अंदर चलीं।
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि मंगलवार देर शाम सदर अस्पताल में गोली चलने की सूचना मिली, जिस पर नगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मौके से हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सिधवल निवासी नौशाद आलम का पुत्र अरबाज आलम को एक पिस्टल, दो जिंदा गोलियां एवं एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अरबाज आलम को अस्पताल में अवैध हथियार के साथ देखे जाने पर लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद वह भागने की कोशिश करने लगा और फायरिंग कर दी। गोलीबारी में आलोक तिवारी घायल हो गया।
फिलहाल, नगर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।