सिवान : विश्व पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा के तहत सिवान जंक्शन पर रेलकर्मियों ने किया श्रमदान
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
प्लास्टिक मुक्त स्टेशन की दिशा में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और पौधारोपण से सजी पर्यावरणीय पहल
सिवान: वाराणसी मंडल के डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अभिषेक राय के नेतृत्व में सिवान जंक्शन पर सोमवार को विश्व पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान रेलवे कर्मियों द्वारा स्टेशन परिसर में श्रमदान कर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
रेल कर्मचारियों ने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्क, प्लेटफॉर्म और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की, साथ ही यात्रियों को प्लास्टिक के एकल उपयोग को त्यागने और पर्यावरण-संवेदनशील विकल्प अपनाने का संदेश दिया।
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस अवसर पर “वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ” विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। साथ ही जागरूकता रैली निकाल कर यात्रियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।
स्टेशन पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों को दो प्रकार के डस्टबिन के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्लास्टिक बोतल क्रशर मशीन के प्रयोग की जानकारी दी गई और कपड़े के थैलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम के तहत रेलवे ने मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी चौपाल, पंपलेट वितरण, पौधा वितरण, कपड़े के झोले वितरण, सेल्फी प्वाइंट और सामूहिक श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए।
इस कार्यक्रम की सफलता में सभी विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई, जिससे स्टेशन परिसर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का जीवंत उदाहरण बन गया।

