Explore

Search

January 24, 2026 2:35 pm

सिवान : विश्व पर्यावरण दिवस पर सिवान जिले में चला विशेष अभियान, डीएम ने हुसैनगंज में किया पौधारोपण व निरीक्षण

विश्व पर्यावरण दिवस पर सिवान जिले में चला विशेष अभियान, डीएम ने हुसैनगंज में किया पौधारोपण व निरीक्षण
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

कृषि, स्वास्थ्य और मनरेगा विभाग के कार्यों की समीक्षा, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में शामिल हुए जिलाधिकारी

सिवान: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को सिवान जिले में विभिन्न जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने इस दिन हुसैनगंज प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य निष्पादन में सुधार के निर्देश दिए।

हुसैनगंज प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी का स्वागत एक पर्यावरणीय रैली के जरिए किया गया, जिसमें स्थानीय अधिकारियों और कर्मियों ने हिस्सा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी कार्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कर्मियों के नाम व कार्य आवंटन की सूची सार्वजनिक करने, कर्म पुस्तिका अद्यतन करने और सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से निष्पादित करने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज का भी निरीक्षण किया गया, जहां ओपीडी में पहुंचे मरीजों से बातचीत, दवा वितरण प्रणाली, आयुष्मान कार्ड केंद्र, और स्वच्छता व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने साफ-सफाई को लेकर भी सख्त निर्देश दिए।

मनरेगा कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी ने पौधारोपण किया और दीप प्रज्वलित कर पर्यावरण दिवस का संकल्प लिया। इस मौके पर डीडीसी, एडीएम, डीआरडीए और एनइपी डायरेक्टर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधे लगाए।

ई-किसान भवन में जिलाधिकारी ने किसानों के बीच बीज का वितरण भी किया और उनसे वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने की अपील की। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को कार्यालय व्यवस्था दुरुस्त करने और कार्यों के समय पर निष्पादन को लेकर विशेष निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिलाधिकारी ने खुद पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर