Explore

Search

January 24, 2026 2:37 pm

सिवान : वरिष्ठ ट्रेन प्रबंधक पर हमला कर लूटपाट, रेलवे कर्मियों में दहशत

वरिष्ठ ट्रेन प्रबंधक पर हमला कर लूटपाट, रेलवे कर्मियों में दहशत
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

ड्यूटी से लौटते समय बदमाशों ने नकदी, मोबाइल, चश्मा व पानी की बोतल लूटी, घायल अस्पताल में भर्ती

सिवान : नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला स्थित रेलवे रनिंग रूम के समीप गुरुवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे दो अज्ञात बदमाशों ने वरिष्ठ ट्रेन प्रबंधक कुमार श्याम कृष्ण पर हमला कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने मारपीट कर उनके पास से नकदी, मोबाइल फोन, चश्मा और पानी की बोतल लूट ली और मौके से फरार हो गए।

घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन नंबर 55121 (समस्तीपुर-सिवान सवारी गाड़ी) के प्रबंधक कुमार श्याम कृष्ण ड्यूटी समाप्त कर जंक्शन से रनिंग रूम की ओर पैदल जा रहे थे। रास्ते में सुनसान इलाके में दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर घायल कर दिया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले गए
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी व नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है और बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

रेल कर्मियों में दहशत, सुरक्षा की मांग तेज
इस घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई है। कर्मचारी संगठनों ने रेलवे प्रशासन व स्थानीय पुलिस से रात्रि ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जंक्शन के आसपास कई इलाके बेहद सुनसान रहते हैं जहां अक्सर बदमाश सक्रिय रहते हैं। पुलिस को इस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर