✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बिना टिकट यात्रा करने वालों से 63,490 रुपये जुर्माना वसूला, रेलवे ने सख्ती से कराया नियमों का पालन
सिवान : मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस में वाराणसी से छपरा तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य बिना टिकट, अनाधिकृत और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करना था।
वाराणसी मंडल के जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जांच अभियान में वाराणसी मंडल की रेड टीम, आईसीपी टीम तथा टिकट ट्रेन मैनिंग दल के दस टिकट जांच कर्मचारियों ने भाग लिया। इनके साथ रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भी सघन जांच में सहयोग किया।
इस विशेष जांच अभियान में 136 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करते पकड़ा गया। इनसे रेलवे राजस्व के रूप में कुल 63,490 रुपये जुर्माना वसूलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। जांच के दौरान स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं, जो टिकट लेकर यात्रा करना चाहते थे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने आम यात्रियों से अपील की कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के आकस्मिक टिकट जांच अभियानों का आयोजन समय-समय पर किया जाता रहेगा।