✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पराली जलाने और रेल ट्रैक के निकट आग से होने वाले खतरों को लेकर ग्रामीणों को दी गई चेतावनी
सिवान: रेलवे लाइन के किनारे खेतों में पराली न जलाने को लेकर रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियां, सूखी घास और पराली जलाने से ट्रेनों के परिचालन में बाधा उत्पन्न हो सकती है तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
आरपीएफ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे रेल परिक्षेत्र के समीप पराली में आग न लगाएं और न ही अपने जानवरों को रेल पटरी के नजदीक छोड़ें। इससे रेल संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है और रेल संरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सिवान-दारौंदा स्टेशन के मध्य रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित हरसार, गोपालपुर सहित अन्य गांवों के लोगों को जागरूक किया गया। उन्हें पराली जलाने से पर्यावरण को होने वाले नुकसान और इस कृत्य के दंडनीय अपराध होने की भी जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक के समीप आग लगाने से फैलने वाली आग ट्रेनों को भीषण दुर्घटना का शिकार बना सकती है। इसीलिए ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने और रेलवे की सुरक्षा में सहयोग देने की अपील की गई है।